ब्रिटिश वैग्यानिकों ने मधुमेह के मरीजों के लिए एक विशेष प्रकार का मोजा डिजाइन करने का दावा किया है। जिससे मरीज के पैर काटने का खतरा कम हो सकता है। वैग्यानिकों का कहना है कि डिफोप्रेव नामक यह मोजा पहनने से मधुमेह के मरीजों के पैरों की क्षतिग्रस्त त्वचा की मरम्मत और अल्सर की रोकथाम तेजी से होती है।
आम तौर पर मधुमेह के मरीजों में यह समस्या इतनी अधिक बढ़ जाती है कि उनका पैर काटने का खतरा 60 फीसदी बढ़ जाता है। डिफोप्रेव की कीमत करीब 1.50 पाउंड है और यह नमी बढ़ाने वाले प्रोटीन से तैयार किया गया है। यह प्रोटीन अंटार्कटिका के कीचड़ में खोजा गया था।
डेली मेल में प्रकाशित खबर में कहा गया है, कि मोजे के लिए प्रयुक्त धागों में जलीय गुण वाले इस प्रोटीन को मिलाया गया है। यह प्रोटीन बाद में पैर के उतकों में धीरे धीरे प्रविष्ट हो जाता है। डिफोप्रेव की यह संरचना सुनिश्चित करती है कि पैरों में 12 घंटे तक नमी बनी रहे। एक मोजा तीन दिन तक चलता है। इसे आपूर्ति के लिए विशेष प्रकार के ऐसे तत्वों वाले कैप्सूल में रखा जाएगा जो नमी बढ़ाते हैं।





















