आजकल आम का सीज़न बड़े जोर-शोर से छाया हुआ है। जहां देखो वहां आम की बरसात हो रही है, तो क्यों न आम से ही कुछ ऐसी डिश बनाई जाए जो कभी किसी ने न खाई हो। इसलिये आज हम आपको बताते हैं आम कढ़ी, जो कि कच्चे आम से बनी होती है। यह बहुत ही चटपटी और खट्टी होती है, जिसे आप चावल के साथ खा सकते हैं। आइये देखते हैं आम कढ़ी बनाने की सरल विधि-

सामग्री :
4 छोटे कच्चे आम छीलकर काट लें, 2 चम्मच तेल, 1 चम्मच राई, 20-30 कड़ी पत्ता, 2-3 साबुत लाल मिर्च, 8-10 काली मिर्च, 250 ग्राम घिसा हुआ प्याज, 1 चम्मच धनिया पाउडर, 3/4 चम्मच गरम मसाला, 1 चम्मच नमक, स्वादानुसार चीनी, 1 कप कोकोनट मिल्क।
विधि :
आम को पानी में डालकर गल जाने तक पकाएं। इस मिश्रण को किसी साफ बर्तन में अच्छी तरह मथ दें ताकि उसमें आम के टुकड़े दिखाई न दें। चार कप के हिसाब से इसमें थोड़ा पानी भी मिला दें। इसके बाद इस पानी में धनिया, गरम मसाला, नमक और चीनी मिलाएं। अब एक कढ़ाई में तेल गरम करें। जब तेल गरम हो जाए तो उसमें राई, कड़ी पत्ता, साबुत लाल मिर्च और काली मिर्च डालकर भूनें। तब तक तले जब तक राई छितराने न लगे। इसके बाद उसमें प्याज डालकर गुलाबी होने तक भूनें। इसमें आम वाला पानी डालकर धीमी आंच पर पांच मिनट तक पकाएं। अब इसमें कोकोनट मिल्क डालकर दो मिनट और पकाएं। लीजिये बन गयी आपकी अमिया कढ़ी। अब हरे धनिया से सजाकर गरम चावल के साथ सर्व करें।



















