टमाटर और कच्चे केले की सब्जी, रोटी या पराठे के साथ खाने में मज़ा आ जाता है। इसे बनाने में बिल्कुल भी समय नहीं लगता इसलिये आप इसे आराम से सुबह नाश्ते में बना सकती हैं। इसे परिवार वालों को सर्व कीजिये जिससे वे पूरी तरह से पेट भर के ऑफिस और स्कूल के लिये जाएं। केला तो वैसे भी बहुत पौष्टिक होता है और टमाटर में एंटी ऑक्सीडेंट के गुण होते हैं। तो सोचना कैसा, चलिये शुरु करते हैं केले और टमाटर की सब्जी बनाने की
विधि।
सामग्री :
1-2 कच्चे केले
1- बड़ा टमाटर
1 चम्मच- काली मिर्च पावडर, राई-जीरा
1 चम्मच- धनिया पावडर
1/2 चम्मच सौंफ
चुटकी भर हींग
नमक स्वादानुसार
1 छोटा चम्मच- तेल
विधि :
1. सबसे पहले कच्चे केले को उबाल कर एक समान टुकडों में काट लें। अब टमाटर घिस लें।
2. एक कड़ाही में तेल गर्म कर के राई, जीरा व हींग का तड़का लगाएं। उसके बाद टमाटर डाल कर ग्रेवी तैयार करें। जब गेवी पूरी तरह से तैयार हो जाए तब उसमें उबले हुए केले के पीस डालें।
3. ऊपर से हल्दी, नमक, धनिया, काली मिर्च पावडर डाल कर अच्छी तरह मिक्स कर लें। तैयार टमाटर-केले की सूखी सब्जी को हरे धनिए से सजाए और गरमा-गरम रोटी के साथ पेश करें।





















