जिस तरह से पका हुआ पपीता खाने में स्वादिष्ट लगता है ठीक उसी तरह से कच्चे पपीते की सब्जी भी बहुत स्वादिष्ट लगती है। पपीते में विटामिन व न्यूट्रीशन भरपूर्ण मात्रा में पाया जाता है। इस सब्जी को बनाना बहुत ही सहज है, ओ आइये बनाते हैं इसे बिल्कुल ही आसान विधि से।
कितने लोगो के लिये- 4
पकाने में समय- 35 मिनिट
सामग्री
कच्चा पपीता - 500 ग्राम ( 1 छोटा पपीता)
टमाटर - 3
हरी मिर्च - 2
अदरक - 1 इंच
तेल - 2-3 चम्मच
जीरा - आधा छोटी चम्मच
हींग - 1-2 पिंच
हल्दी पाउडर - 1/3 छोटी चम्मच
धनियां पाउडर - 1 छोटी चम्मच
लाल मिर्च - 1/6 छोटी चम्मच
नमक - स्वादानुसार
हरा धनियां - 2 चम्मच
विधि -
पपीते को धोकर छील लीजिये और छोटे छोटे टुकड़े में काट लीजिये। उसके बाद टमाटर को बड़े टुकड़े में काटिये। कटी हरी मिर्च और अदरक को मिक्सर से बारीक पीस लीजिये। कुकर में तेल डालकर गरम कीजिये, गरम तेल में जीरा और हींग डालिये, जीरा भुनने पर, हल्दी पाउडर, धनियां पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर, पिसा मसाला डालिये और चमचे से चलाइये, मसाले को जब तक भूनिये तब तक मसाले के ऊपर तेल न तैरने लगे।
भुने मसाले में पपीते के टुकड़े और नमक डालिये, चमचे से चलाकर 2 मिनिट तक भूनिये, 2/3 कप पानी डाल कर मिलाइये। कुकर का ढक्कन बन्द कर दीजिये। कुकर में एक सीटी आने के बाद, आग धीमी कर दीजिये और सब्जी को धीमी आग पर 3-4 मिनिट तक पकने दीजिये।
कुकर खुलने पर सब्जी में गरम मसाला और हरा धनियां डालिये और मिला दीजिये। लीजिये कच्चे पपीते की स्वादिष्ट सब्जी तैयार है, कच्चे पपीते की गरमा गरम सब्जी कटोरी में निकालिये और रोटी, परांठे या चावल किसी के साथ परोसिये और खाइये।





















