अक्सर देखा जाता है कि हमारे घरों में छोटे बच्चे खाने के समय बहुत परेशान करते हैं। जो कुछ भी बनाओ उन्हें पसंद ही नहीं आता और हद तो तब हो जाती है जब स्कूल के लिए दिया गया खाने का टिफिन घर वापस लौट कर आ जाता है। हर मां के लिए यह जानना बहुत जरुरी है कि इस नन्हीं सी उम्र में बच्चों को ज्यादा से ज्यादा पोषण वाला खाना ही दिया जाए। चलिए आज हम आपको खास बच्चों के लिए ही रेसीपी बनाना बताते हैं जिसका नाम है वेजी बर्गर।
सामग्री-
100 ग्राम काजू, 1 चम्मच जैतून का तेल, 1 बारीक कटी हुई प्याज़, 1 कसा हुआ गांजर, 100 ग्राम स्लाइस किया हुआ मशरुम, 1 पिसा लहसुन, 100 ग्राम पका चावल, 1 छोटा चम्मच सोया सॉस, 40 ग्राम ग्रेटेड चीज़, 50 ग्राम ब्रेड का चूरा, 1 चम्मच अंडे का सफेद भाग, 1 चम्मच शहद, आंटा डस्टिंग के लिए, तलने के लिए 2 चम्मच सूरजमुखी तेल, नमक स्वाद के अनुसार।
विधी-
सबसे पहले एक पैन लें और उसे गरम करें। फिर उसमें काजू को डाल कर 5-6 मिनट तक रोस्ट कर लें। उसके बाद काजू को बाहर निकाल कर उसी पैन में जैतून का तेल डालें और गरम हो जाने पर उसमें कटा हुआ प्याज, गांजर, मशरुम और पिसे हुए लेहसुन को डाल कर 10 मिनट तक भून लें। दूसरी तरफ मिक्सी में रोस्टेड काजू डाल कर क्रश कर लें और फिर उसी मिक्सी में चावल, ब्रैड क्रम्स, अंडे की जर्दी, शहद और अन्य बाकी सामग्री भी मिला कर अच्छे से ग्राइंड कर लें। अपने हाथों में थोडा सा आंटा लगा लें जिससे मिक्सचर हाथों में चिपके नहीं। अब मिश्रण की छोटी छोटी टिक्कियां बना लें। एक नॉन स्टिक पैन में सूरजमुखी का तेल डाल कर गरम करें और उसमें टिक्कियों को फ्राई कर लें। टिक्कियों को बंद में डाल कर बच्चे को सर्व करें।





















