Brinjal Buying Tips: बैंगन एक ऐसी सब्जी है, जिसे देश के अलग-अलग हिस्सों में कई तरह से बनाया जाता है। कहीं भरवां बैंगन पसंद किया जाता है, तो कहीं बैंगन का भरता लोगों की पहली पसंद होता है। कई लोग इसका अचार भी बड़े चाव से खाते हैं। हालांकि, किसी भी डिश का स्वाद तभी अच्छा आता है, जब बैंगन ताजा और अच्छी गुणवत्ता का हो। इसलिए सही बैंगन की पहचान होना जरूरी है। कई बार बैंगन बाहर से तो अच्छा दिखाई देता है, लेकिन काटने पर उसमें कीड़े या जरूरत से ज्यादा बीज निकल आते हैं। आमतौर पर यह बात सब्जी काटने के बाद ही पता चलती है। हालांकि, कुछ आसान ट्रिक्स की मदद से खरीदते समय ही अच्छे बैंगन की पहचान की जा सकती है। आइए, जानते हैं ऐसे ही कुछ आसान टिप्स, जिनसे आप कीड़े वाले बैंगन की पहचान कर सकते हैं -

Advertisement

बैंगन का रंग बताता है उसकी ताजगी

बैंगन खरीदते समय उसके रंग पर जरूर ध्यान दें। ताजा बैंगन का रंग गहरा और चमकदार होता है, जबकि पुराने बैंगन का रंग फीका पड़ने लगता है। इसके अलावा, अगर उसकी सतह पर झुर्रियां दिखाई दें, तो यह इस बात का संकेत हो सकता है कि बैंगन काफी समय से रखा हुआ है। इसलिए हमेशा चिकनी, चमकदार और गहरे रंग की त्वचा वाला बैंगन चुनें, क्योंकि ऐसे बैंगन आमतौर पर ज्यादा ताजे होते हैं।

Advertisement

छेद या दरार वाले बैंगन न खरीदें

बैंगन खरीदते समय उसकी बाहरी सतह को ध्यान से जांचना चाहिए। यदि बैंगन पर कहीं छेद, कट या दरार दिखाई दे, तो उसे खरीदने से बचें। ऐसे बैंगनों में कीड़े लगने या अंदर से खराब होने की संभावना अधिक रहती है। खरीदारी से पहले बैंगन को चारों तरफ से अच्छी तरह देखकर ही चुनें। साथ ही कोशिश करें कि डंठल वाला ताजा बैंगन ही खरीदें, क्योंकि यह उसकी ताजगी का भी संकेत माना जाता है।

Advertisement

सख्त बैंगन चुनें

अच्छे बैंगन की पहचान करने के लिए उसे हल्के हाथ से दबाकर देखें। यदि बैंगन ज्यादा मुलायम लगे या दबाने पर अंदर की ओर धंस जाए, तो उसे खरीदने से बचें। ऐसे बैंगन अंदर से खराब हो सकते हैं और उनमें कीड़े होने की संभावना भी रहती है। इसलिए हमेशा सख्त और ताजा बैंगन ही चुनें।

वजन पर भी दें ध्यान

बैंगन का वजन भी उसकी गुणवत्ता के बारे में काफी कुछ बता सकता है। आमतौर पर हल्के वजन वाले बैंगन में बीज कम होते हैं, जबकि ज्यादा भारी बैंगन में बीज अधिक निकल सकते हैं। ऐसे बैंगनों का स्वाद भी कई बार उतना अच्छा नहीं होता। इसलिए खरीदते समय वजन को भी जरूर जांच लें।

Advertisement

सही आकार का बैंगन खरीदें

बहुत बड़े आकार के बैंगन में बीज ज्यादा होने की संभावना रहती है। ऐसे में मध्यम या छोटे आकार के बैंगन चुनना बेहतर माना जाता है। हालांकि सिर्फ आकार देखकर ही फैसला न करें। बैंगन खरीदते समय उसका रंग, वजन, सख्ती और बाहरी सतह भी जांच लें, क्योंकि कीड़े किसी भी आकार के बैंगन में हो सकते हैं।