Sun Gochar 2026: 14 अप्रैल को मेष राशि में प्रवेश करेंगे सूर्य, जानें सभी 12 राशियों पर क्या प्रभाव पड़ेगा

Surya Gochar In Mesh Rashi 2026: ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को आत्मबल, ऊर्जा और नेतृत्व का मुख्य कारक माना जाता है। 14 अप्रैल 2026 को सूर्य मीन राशि से निकलकर मेष राशि में प्रवेश करेंगे, जिसे मेष संक्रांति के नाम से जाना जाता है। मेष को सूर्य की उच्च राशि माना जाता है। इस स्थिति में सूर्य की शक्ति और प्रभाव सामान्य से अधिक बढ़ जाता है। मेष राशि में सूर्य का यह गोचर नई शुरुआत, आत्मविश्वास और साहस को बढ़ाने वाला माना जाता है। इस दौरान लोग अपने फैसलों को लेकर अधिक स्पष्ट और सक्रिय नजर आ सकते हैं। साथ ही, करियर और व्यक्तिगत जीवन में आगे बढ़ने के अवसर भी मिल सकते हैं। हालांकि, इस समय ऊर्जा के साथ-साथ स्वभाव में थोड़ी जल्दबाजी, गुस्सा या अहंकार भी बढ़ सकता है, इसलिए धैर्य और संतुलन बनाए रखना जरूरी माना जाता है। आइए, जानते हैं इस गोचर का सभी 12 राशियों पर कैसा प्रभाव पड़ेगा।

Surya Gochar 2026

सूर्य गोचर का सभी 12 राशियों पर प्रभाव

मेष राशि

सूर्य का आपकी ही राशि में आना आपके लिए खास माना जाता है। इस दौरान आत्मविश्वास बढ़ेगा और अंदर एक नई ऊर्जा महसूस होगी। रुके हुए काम तेजी से आगे बढ़ सकते हैं और लोगों के बीच आपकी पहचान मजबूत हो सकती है। हालांकि, इस समय स्वभाव में थोड़ा तीखापन या जल्द गुस्सा आने की स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में जरूरी है कि बात करते समय संयम रखें और दूसरों की बात को भी महत्व दें, इससे रिश्ते बेहतर बने रहेंगे।

वृषभ राशि

इस गोचर के दौरान आपका ध्यान बाहरी भागदौड़ से हटकर खुद पर ज्यादा रहेगा। मन थोड़ा शांत रहने की ओर जाएगा, लेकिन खर्चों में बढ़ोतरी हो सकती है, इसलिए पैसों को सोच-समझकर खर्च करना जरूरी होगा। काम को लेकर हल्की चिंता रह सकती है, मगर धैर्य रखने से स्थितियां धीरे-धीरे संभल जाएंगी। इस समय जल्दबाजी करने के बजाय भविष्य की योजना बनाना आपके लिए ज्यादा फायदेमंद रहेगा। सेहत का ध्यान रखें और मानसिक शांति के लिए सादा जीवन अपनाएं।

मिथुन राशि

आपके लिए यह समय काफी सकारात्मक संकेत लेकर आ सकता है। मेहनत का अच्छा परिणाम मिलने के योग हैं और आय के नए रास्ते भी खुल सकते हैं। सामाजिक दायरा बढ़ेगा और ऐसे लोगों से जुड़ने का मौका मिलेगा जो आगे चलकर आपके लिए मददगार साबित हो सकते हैं। दोस्तों और करीबी लोगों का सहयोग भी इस दौरान मिलता रहेगा। नई योजनाओं पर काम शुरू करने के लिए यह समय अच्छा माना जा सकता है।

कर्क राशि

इस दौरान कामकाज के क्षेत्र में आपके लिए अच्छे बदलाव देखने को मिल सकते हैं। नई जिम्मेदारियां मिलेंगी, जिन्हें आप अपनी मेहनत और समझदारी से संभाल पाएंगे। धीरे-धीरे सफलता के रास्ते खुलेंगे और आपकी मेहनत रंग लाएगी। घर और काम के बीच संतुलन बनाए रखना जरूरी रहेगा, वरना थकान महसूस हो सकती है। परिवार, खासकर बड़ों का साथ आपको हिम्मत देगा और फैसले लेने में मदद करेगा। आर्थिक स्थिति भी समय के साथ बेहतर होती नजर आएगी।

सिंह राशि

सूर्य आपकी राशि के स्वामी हैं, इसलिए यह गोचर आपके लिए शुभ संकेत लेकर आ सकता है। भाग्य का साथ मिलेगा और आपके सोचने का नजरिया भी पहले से ज्यादा सकारात्मक होगा। नए अवसर मिल सकते हैं, खासकर यात्रा या सीखने से जुड़े मामलों में फायदा होगा। गुरुजनों और बड़ों का मार्गदर्शन इस समय आपके लिए काफी उपयोगी साबित होगा। बस ध्यान रखें कि आत्मविश्वास बना रहे, लेकिन अहंकार से दूरी बनाए रखें।

कन्या राशि

यह समय आपके लिए थोड़ा सतर्क रहने का संकेत दे रहा है। अचानक कुछ खर्चे या छोटी-मोटी परेशानियां सामने आ सकती हैं, इसलिए घबराने की बजाय समझदारी से काम लें। पैसों से जुड़े फैसलों में जल्दबाजी न करें और निवेश से पहले अच्छी तरह सोच-विचार करें। परिवार के साथ बातचीत करते समय शब्दों का ध्यान रखें, ताकि किसी तरह की गलतफहमी न हो। यह समय खुद में सुधार करने और नई योजना बनाने के लिए अच्छा माना जा सकता है।

तुला राशि

इस दौरान आपका ध्यान रिश्तों और साझेदारी पर ज्यादा रहेगा। जीवनसाथी या बिजनेस पार्टनर के साथ मिलकर आप आगे बढ़ने की कोशिश करेंगे और इसमें सफलता भी मिल सकती है। आपकी छवि मजबूत होगी, लेकिन साथ ही दूसरों की भावनाओं को समझना भी जरूरी रहेगा। अगर आपसी तालमेल अच्छा रहेगा, तो यह समय आपके लिए काफी फायदेमंद साबित हो सकता है।

वृश्चिक राशि

यह समय आपके लिए मेहनत और हिम्मत दिखाने का रहेगा। आप चुनौतियों का डटकर सामना करेंगे और धीरे-धीरे उन पर जीत भी हासिल कर सकते हैं। काम के प्रति आपका समर्पण आपको दूसरों से अलग पहचान दिला सकता है। हालांकि, इस दौरान सेहत को नजरअंदाज न करें। ज्यादा काम के बीच थोड़ा आराम भी जरूरी है। अगर आप अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखते हैं, तो पुराने अटके काम भी आगे बढ़ने लगेंगे।

धनु राशि

आपके लिए यह समय सकारात्मक बदलाव लेकर आ सकता है। सोचने-समझने की क्षमता बेहतर होगी, जिससे आप सही फैसले लेने में सफल रहेंगे। पढ़ाई, कला या रचनात्मक क्षेत्र से जुड़े लोगों को खास फायदा मिल सकता है। समाज में आपकी छवि मजबूत होगी और लोग आपके काम की सराहना करेंगे। साथ ही आय के नए अवसर भी सामने आ सकते हैं। बस जरूरी है कि आप अपने लक्ष्य पर ध्यान बनाए रखें और आलस्य से दूर रहें।

मकर राशि

इस समय आपका झुकाव परिवार और घर से जुड़ी बातों की ओर ज्यादा रहेगा। घर की मरम्मत, सजावट या कोई नया बदलाव करने का मन बन सकता है। कामकाज में जिम्मेदारियां बढ़ेंगी, इसलिए भावनाओं को संतुलित रखते हुए फैसले लेना जरूरी होगा। परिवार, खासकर मां का सहयोग आपको मजबूती देगा। अगर आप काम और घर के बीच सही तालमेल बना लेते हैं, तो चीजें आसानी से संभल जाएंगी। मन को शांत रखने के लिए योग या सादा जीवनशैली अपनाना आपके लिए फायदेमंद रहेगा।

कुंभ राशि

यह समय आपकी बात रखने की क्षमता को और मजबूत करेगा। आप अपने विचारों को प्रभावशाली तरीके से सामने रख पाएंगे, जिससे लोग आपकी बातों को गंभीरता से लेंगे। छोटे भाई-बहनों और करीबियों के साथ रिश्ते बेहतर होंगे। छोटी यात्राएं या नए संपर्क आपके लिए अच्छे मौके लेकर आ सकते हैं। आत्मविश्वास बढ़ेगा और आप नए काम करने की हिम्मत भी दिखाएंगे। बस ध्यान रखें कि अपनी बात रखते समय दूसरों की भावनाओं का भी ख्याल रखें और विनम्रता बनाए रखें।

मीन राशि

आपके लिए यह समय अपने धन को संभलकर इस्तेमाल करने और बचत बढ़ाने का है। पैसों से जुड़ी कोई अच्छी खबर मिल सकती हैं, लेकिन बड़े निवेश से पहले अच्छी तरह सोच लें। अपनी भाषा में बहुत ही मिठास रखें क्योंकि आपकी कड़वी बात अपनों को दुखी कर सकती हैं। परिवार में सुख-सुविधाएं बढ़ेंगी। अपनी सेहत और खानपान का विशेष ध्यान रखें। शांत रहकर किए गए काम आपको ज्यादा सफलता दिलाएंगे।

Disclaimer: इस आर्टिकल में बताए गए रत्नों के लाभ पारंपरिक मान्यताओं और ज्योतिषीय अनुभवों पर आधारित हैं। हर इंसान पर इसका असर अलग हो सकता है। किसी भी रत्न को पहनने से पहले किसी योग्य ज्योतिषी या रत्न विशेषज्ञ से जरूर सलाह लें। यह लेख सिर्फ जानकारी देने के उद्देश्य से है और इसे प्रोफेशनल सलाह का विकल्प न समझें।

Story first published: Tuesday, April 14, 2026, 9:30 [IST]
Desktop Bottom Promotion