पार्टी में जल्दी बिगड़ जाता है मेकअप? केकी और पैची लुक से बचने के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स

Tips To Avoid Cakey Makeup: करवाचौथ और दिवाली जैसे बड़े त्योहार जल्द ही आने वाले हैं। त्योहारों के दौरान घर और ऑफिस में पार्टियों का सिलसिला चलता रहता है। ऐसे में महिलाएं अपने आउटफिट के साथ मेकअप पर भी खास ध्यान देती हैं। कुछ लोग तैयार होने के लिए पार्लर जाते हैं, जबकि कई महिलाएं घर पर ही मेकअप करना पसंद करती हैं। हर कोई चाहता है कि मेकअप चेहरे पर अच्छा दिखे और पार्टी के दौरान लंबे समय तक टिका रहे। लेकिन कई बार मेकअप लगाने के आधे घंटे बाद ही चेहरा केकी और पैची नजर आने लगता है। आंखों और होंठों के आसपास मेकअप की परतें और दरारें दिखने लगती हैं, जिससे लुक खराब हो जाता है। अगर आपके साथ भी ऐसा होता है, तो मेकअप करने या पार्लर में करवाने से पहले इन 5 टिप्स को जरूर ध्यान में रखें -

Cakey Makeup Avoid Tips

मेकअप लगाने से पहले त्वचा का रखें ध्यान

कई बार महिलाएं चेहरा धोने के बाद सीधे मेकअप करना शुरू कर देती हैं, जबकि सिर्फ फेस वॉश से स्किन तैयार नहीं होती। मेकअप से पहले चेहरे को अच्छी तरह साफ करें और अपनी त्वचा के हिसाब से मॉइश्चराइजर लगाएं। इससे स्किन में नमी बनी रहती है और मेकअप लगाने में आसानी होती है। साथ ही, प्रोडक्ट्स त्वचा पर अच्छी तरह फैलते हैं और बेस ज्यादा स्मूद नजर आता है।

फाउंडेशन की मोटी परत लगाने से बचें

चेहरे की कमियों को छिपाने के लिए कई बार लोग जरूरत से ज्यादा फाउंडेशन लगा लेते हैं। इसके बाद कंसीलर की मोटी लेयर लगाने से भी बेस भारी दिखने लगता है। कुछ देर बाद यह सूखकर जगह-जगह से फट सकता है। इससे बचने के लिए फाउंडेशन थोड़ी मात्रा में लगाएं और ब्यूटी ब्लेंडर या मेकअप ब्रश की मदद से अच्छी तरह ब्लेंड करें। जरूरत लगे, तभी थोड़ा और प्रोडक्ट लगाएं।

कंसीलर और पाउडर का इस्तेमाल सीमित मात्रा में करें

कंसीलर का काम दाग-धब्बों और चेहरे के उन हिस्सों को कवर करना है, जहां इसकी जरूरत हो। इसे पूरे चेहरे पर मोटी परत में लगाने से मेकअप केकी दिख सकता है। वहीं, फाउंडेशन को सेट करने के लिए ट्रांसलूसेंट पाउडर का इस्तेमाल कम मात्रा में करें। नाक, माथे और ठुड्डी जैसे हिस्सों पर, जहां त्वचा ज्यादा ऑयली होती है, वहां पाउडर लगाने से मेकअप को सेट करने में मदद मिलती है।

हर प्रोडक्ट को अच्छी तरह ब्लेंड करें

मेकअप करते समय जल्दबाजी करने से भी बेस खराब हो सकता है। अगर प्रोडक्ट्स त्वचा पर ठीक से ब्लेंड नहीं होते, तो चेहरा कहीं ज्यादा और कहीं कम मेकअप लगा हुआ नजर आने लगता है। इसलिए मॉइश्चराइजर, प्राइमर और फाउंडेशन लगाने के बीच थोड़ा समय दें और हर प्रोडक्ट को त्वचा पर अच्छी तरह सेट होने दें। इसके अलावा, अपनी स्किन टोन और स्किन टाइप के हिसाब से मेकअप प्रोडक्ट्स चुनें। इससे मेकअप ज्यादा नैचुरल दिखेगा और चेहरे पर अलग-अलग परतें नजर आने की परेशानी कम हो सकती है।

आखिर में सेटिंग स्प्रे लगाना न भूलें

अगर आपके चेहरे पर जल्दी पसीना आता है या मौसम में गर्मी और नमी ज्यादा है, तो मेकअप के आखिर में सेटिंग स्प्रे का इस्तेमाल कर सकती हैं। यह मेकअप को अपनी जगह बनाए रखने में मदद करता है और उसके फिनिश को भी बेहतर बना सकता है। इससे मेकअप जल्दी बिगड़ने की परेशानी कम हो सकती है और चेहरा ज्यादा देर तक अच्छा दिख सकता है।

Story first published: Wednesday, October 21, 2026, 17:30 [IST]
Desktop Bottom Promotion