सिर्फ गांठ ही नहीं, ये 5 संकेत भी हो सकते हैं ब्रेस्‍ट कैंसर का लक्षण, साधारण समझकर इग्नोर करने की न करें भूल

Symptoms Of Breast Cancer: ब्रेस्ट कैंसर यानी स्तन कैंसर महिलाओं में होने वाले सबसे आम कैंसर में से एक है। हर साल दुनियाभर में लाखों महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर की चपेट में आकर अपनी जान गवां देती हैं। ब्रेस्ट कैंसर तब होता है, जब ब्रेस्ट (स्तन) की कोशिकाएं असामान्य रूप से विभाजित और बढ़ने लगती हैं। इसके कारण स्तन में गांठें बनना शुरू हो जाती हैं। ब्रेस्ट कैंसर होने पर त्वचा में बदलाव जैसे कई लक्षण दिखाई दे सकते हैं। लेकिन कई बार महिलाएं शुरुआती संकेतों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देती हैं, जिससे बीमारी का पता देर से चलता है। ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए हर साल अक्टूबर में ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह (Breast Cancer Awareness Month 2026) मनाया जाता है। आइए, इस लेख में धर्मशिला नारायणा हॉस्पिटल के वरिष्ठ सलाहकार एवं निदेशक, मेडिकल ऑन्कोलॉजी, डॉ. राजित चानना से जानते हैं ब्रेस्ट कैंसर के शुरूआती लक्षणों के बारे में -

Breast Cancer Symptoms

1. स्तन या बगल में गांठ महसूस होना

स्तन या बगल में गांठ महसूस होना ब्रेस्ट कैंसर के प्रमुख लक्षणों में से एक है। शुरुआत में यह गांठ छोटी और बिना दर्द वाली हो सकती है। समय के साथ इसके आकार में बदलाव भी हो सकता है। अगर आपको स्तन या बगल में कोई नई गांठ महसूस होती है, जो सामान्य मासिक धर्म से जुड़े बदलावों से अलग है, तो इसे नजरअंदाज न करें। ऐसी स्थिति में डॉक्टर से संपर्क करके जांच करवाएं।

2. निप्पल से असामान्य स्राव निकलना

निप्पल से असामान्य स्राव होना भी ब्रेस्ट कैंसर का संकेत हो सकता है। यदि निप्पल से खून, पीला या पानी जैसा स्राव निकलता है, तो इसे भूलकर भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। हालांकि, यह संक्रमण, हार्मोनल परिवर्तन या प्रेग्नेंसी के कारण भी हो सकता है। ऐसी स्थिति में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

3. स्तन की त्वचा में बदलाव होना

स्तन की त्वचा में अचानक बदलाव दिखाई देना भी ब्रेस्ट कैंसर का संकेत हो सकता है। अगर त्वचा लाल होने लगे, उसमें सूजन आए या वह मोटी और गड्ढेदार नजर आने लगे, तो इस पर ध्यान दें। कुछ मामलों में स्तन की त्वचा संतरे के छिलके जैसी दिखाई दे सकती है। ऐसे बदलावों को सामान्य समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। अगर स्तन की त्वचा में अचानक कोई असामान्य परिवर्तन नजर आए, तो डॉक्टर से जांच करवाएं।

4. स्तन के आकार या बनावट में बदलाव

महिलाओं के दोनों स्तनों के आकार में थोड़ा अंतर होना सामान्य है। लेकिन अगर किसी एक स्तन के आकार या बनावट में अचानक बदलाव दिखाई देने लगे, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्तन का असामान्य रूप से बड़ा या छोटा दिखना, उसका आकार बदलना या उसमें किसी तरह का उभार नजर आना जांच की जरूरत का संकेत हो सकता है। अगर ऐसा बदलाव नया है या लगातार बना हुआ है, तो डॉक्टर से सलाह लें।

5. स्तन में दर्द या सूजन होना

स्तन में दर्द होना भी ब्रेस्ट कैंसर का संकेत हो सकता है। साथ ही, कई मामलों में स्तन में सूजन का अनुभव भी हो सकता है। अगर आपको किसी एक या दोनों स्तनों में लगातार दर्द, सूजन या भारीपन बना रहता है, तो इसकी जांच करवाना जरूरी है।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Story first published: Saturday, October 17, 2026, 19:15 [IST]
Desktop Bottom Promotion