पाकिस्तान की ये 2 ब्यूटी क्रीम भारत में हुईं बैन, CDSCO ने जारी किया अलर्ट

Pakistani Fairness Cream Ban: चेहरे को निखारने और स्किन केयर के लिए बाजार में कई तरह की क्रीम और दूसरे प्रोडक्ट्स मिलते हैं। इन्हें खरीदते समय लोग अक्सर ब्रांड और कीमत देखते हैं, लेकिन यह जानना भी जरूरी है कि प्रोडक्ट इस्तेमाल के लिए सुरक्षित है या नहीं। केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने पाकिस्तान में बनी दो क्रीम को लेकर सार्वजनिक स्वास्थ्य चेतावनी जारी की है। इनमें गोरी ब्यूटी क्रीम (Goree Beauty Cream) और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम (Chandni Whitening Cream) शामिल हैं। जांच में दोनों क्रीम में तय सीमा से ज्यादा हेवी मेटल्स मिले हैं। CDSCO ने लोगों को इन क्रीम को न खरीदने और इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है।

Pakistan Cream Ban

कौन से हैं ये दो कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स?

CDSCO के कॉस्मेटिक्स डिवीजन ने जिन दो प्रोडक्ट्स को लेकर अलर्ट जारी किया है, उनमें Goree Beauty Cream और Chandni Whitening Cream शामिल हैं। दोनों क्रीम पर इनके पाकिस्तान में बने होने की जानकारी दी गई है। CDSCO के मुताबिक, इन प्रोडक्ट्स को भारत में बेचने के लिए जरूरी आयात पंजीकरण प्रमाणपत्र नहीं मिला है। इसलिए इन्हें भारत में बिक्री के लिए अधिकृत कॉस्मेटिक प्रोडक्ट नहीं माना गया है।

जांच में क्या सामने आया?

CDSCO की ओर से की गई जांच और टेस्टिंग में दोनों क्रीम में तय सीमा से ज्यादा हेवी मेटल्स पाए गए। कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स में हेवी मेटल्स की मात्रा निर्धारित सीमा से अधिक होना सुरक्षा को लेकर चिंता का विषय है। लंबे समय तक ऐसे प्रोडक्ट्स के इस्तेमाल से सेहत पर बुरा असर पड़ने का खतरा हो सकता है। खासकर चेहरे और त्वचा पर सीधे लगाए जाने वाले प्रोडक्ट्स में उनकी गुणवत्ता और सुरक्षा पर ध्यान देना जरूरी है।

क्रीम में एक्सपायरी डेट तक नहीं

बताया जा रहा है कि इस क्रीम के पैक पर एक्सपायरी डेट भी नहीं दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसी क्रीम का इस्तेमाल करने से त्वचा के साथ-साथ शरीर पर भी गंभीर नुकसान हो सकता है। इसी वजह से एफडीए ने लोगों को इसे न खरीदने और इस्तेमाल से बचने की सलाह दी है।

CDSCO ने लोगों को क्या सलाह दी?

CDSCO ने लोगों को Goree Beauty Cream और Chandni Whitening Cream न खरीदने और इस्तेमाल न करने की सलाह दी है। अगर किसी के पास इनमें से कोई क्रीम पहले से है, तो उसे भी इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। इसके अलावा इसी नाम से बिकने वाले या पैकेजिंग में मिलते-जुलते दूसरे गैर-अधिकृत कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स से भी सावधान रहने की सलाह दी गई है। ऑनलाइन खरीदारी करते समय पैकेज पर निर्माता, आयातक और जरूरी पंजीकरण से जुड़ी जानकारी जरूर देखनी चाहिए।

हेवी मेटल्स शरीर के लिए क्यों खतरनाक हैं?

हेवी मेटल्स में कुछ ऐसे पदार्थ शामिल होते हैं जो शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। अगर किसी क्रीम में इनका इस्तेमाल हुआ है और उसे लंबे समय तक त्वचा पर लगाया जाता है, तो ये शरीर में पहुंच सकते हैं। स्किन फेयरनेस प्रोडक्ट्स में मिलने वाला पारा (Mercury) तंत्रिका तंत्र और किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है। हालांकि, सीडीएससीओ की ओर से जारी नोटिस में यह साफ नहीं किया गया है कि गोरी ब्यूटी क्रीम और चांदनी व्हाइटनिंग क्रीम में कौन-कौन से हेवी मेटल्स पाए गए हैं। नोटिस में इन उत्पादों को लेकर सुरक्षा संबंधी चिंता जरूर जताई गई है।

पूरे महाराष्ट्र में क्रीम को लेकर छापेमारी

इस क्रीम के खिलाफ महाराष्ट्र में कार्रवाई का सिलसिला जारी है। अलग-अलग जगहों पर इसकी तलाश में छापेमारी की जा रही है। जानकारी के मुताबिक, कुछ महिलाओं ने इसे ऑनलाइन मंगवाया था और कुछ महिलाएं करीब दो साल से इस ब्यूटी क्रीम का इस्तेमाल कर रही थीं। क्रीम की बिक्री और इस्तेमाल को लेकर प्रशासन की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Desktop Bottom Promotion