White Ghee Vs Yellow Ghee: सफेद या पीला घी, सेहत के लिए क्या है ज्यादा फायदेमंद? जानिए डायटीशियन की राय

White Ghee Vs Yellow Ghee: भारतीय घरों में देसी घी का इस्तेमाल खानपान में सदियों से होता आ रहा है। यह खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ शरीर को ऊर्जा भी प्रदान करता है। घी में कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, इसलिए बड़े-बुजुर्ग अक्सर इसे रोज के खाने में शामिल करने की सलाह देते हैं। आमतौर पर सफेद घी भैंस के दूध से, जबकि पीला घी गाय के दूध से तैयार किया जाता है। अक्सर कई लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि सफेद घी और पीले घी में में से सेहत के लिए कौन सा बेहतर है। आइए, डाइट्रीफिट की डायटीशियन अबर्ना माथीवानन से जानते हैं इसके बारे में -

White Ghee Vs Yellow Ghee

सफेद घी खाने के फायदे

भैंस के दूध से तैयार घी का रंग आमतौर पर सफेद होता है। इसमें फैट की मात्रा अधिक मानी जाती है, इसलिए जिन लोगों का वजन कम है या जो वजन बढ़ाना चाहते हैं, उन्हें इसे खाने की सलाह दी जाती है। सफेद घी में मैग्नीशियम, कैल्शियम और फॉस्फोरस जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं, जो हड्डियों और मांसपेशियों के लिए जरूरी हैं। जो लोग ज्यादा शारीरिक मेहनत या वर्कआउट करते हैं या जो अपना वजन बढ़ाना चाहते हैं, वे अपनी डाइट में सफेद घी शामिल कर सकते हैं।

गाय का घी खाने के फायदे

गाय के दूध से बने घी का रंग आमतौर पर पीला होता है। इसकी वजह बीटा-कैरोटीन नाम का पिगमेंट है, जो गाय के दूध में पाया जाता है। गाय के घी में कई तरह के विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं। गाय का घी भैंस के घी के मुकाबले आसानी से पच सकता है। इसमें सफेद घी की तुलना में फैट की मात्रा भी थोड़ी कम होती है, इसलिए सीमित मात्रा में इसका सेवन वजन को नियंत्रित रख सकता है। गाय के दूध में A2 प्रोटीन मौजूद होता है, जो भैंस के घी में नहीं मिलता। आयुर्वेद के अनुसार, गाय का घी मेमोरी पवार को तेज करता है और मानसिक तनाव कम करता है। साथ ही, यह त्वचा को प्राकृतिक नमी भी प्रदान करता है।

सफेद और पीले घी में से कौन सा ज्यादा फायदेमंद?

सफेद और पीले, दोनों तरह के घी में शरीर को ऊर्जा देने वाला फैट होता है। इनमें से किसी एक को हर व्यक्ति के लिए बेहतर नहीं कहा जा सकता। अगर आप वजन बढ़ाना चाहते हैं या दिनभर ज्यादा शारीरिक मेहनत करते हैं, तो अपनी डाइट में सफेद घी को शामिल कर सकते हैं। वहीं, अगर आप वजन नियंत्रित रखने की कोशिश कर रहे हैं, तो गाय के घी का सीमित मात्रा में सेवन कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपका कोलेस्ट्रॉल बढ़ा हुआ है तो घी का सेवन डॉक्टर या डायटीशियन से सलाह के बाद ही करें।

घी खाते समय मात्रा का रखें ध्यान

आप गाय का घी खाएं या भैंस का, सबसे जरूरी है कि उसकी मात्रा संतुलित रहे। घी में कैलोरी काफी होती हैं, इसलिए जरूरत से ज्यादा खाने पर वजन बढ़ सकता है। घी का अधिक सेवन करने से मोटापे, कोलेस्ट्रॉल और दिल से जुड़ी परेशानियों का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए घी का सेवन सीमित मात्रा में ही करें।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Story first published: Saturday, October 24, 2026, 11:00 [IST]
Desktop Bottom Promotion