Karwa Chauth 2026: क्या होता है बायना? जानिए करवा चौथ पर बहू अपनी सास को क्या दे

Karwa Chauth 2026: करवा चौथ का व्रत सुहागिन महिलाओं के लिए खास महत्व रखता है। इस दिन महिलाएं अपने पति की लंबी उम्र, अच्छी सेहत और घर में सुख-समृद्धि की कामना करते हुए निर्जला उपवास करती हैं। सोलह शृंगार करके चांद के दर्शन और पूजा के बाद व्रत खोला जाता है। हिंदू पंचांग के अनुसार, करवा चौथ का व्रत कार्तिक महीने के कृष्ण पक्ष की चतुर्थी तिथि को रखा जाता है। साल 2026 में करवा चौथ का व्रत 29 अक्टूबर, गुरुवार को रखा जाएगा। करवा चौथ के व्रत में सास का भी विशेष महत्व होता है। इस दिन बहुएं अपनी सास को सुहाग से जुड़ी शुभ वस्तुएं और उपहार भेंट करती हैं, जिससे बायना कहा जाता है। वहीं, सास अपनी बहू को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद देने के साथ-साथ प्यार से उपहार भी देती हैं। आइए, जानते हैं कि करवा चौथ पर सास को क्या देना चाहिए और इस थाली में कौन-कौन सी चीजें रखी जाती हैं।

Karwa Chauth 2026 Bayana List

करवाचौथ पर सास को क्यों दिया जाता है बायना?

करवा चौथ पर पति की लंबी उम्र की कामना के साथ सास के लिए भी खास परंपरा निभाई जाती है। इस दिन बहू अपनी सास के लिए कुछ खास चीजें लेकर आती है। इनमें सुहाग से जुड़ी वस्तुएं और उपहार शामिल होते हैं। अगर सास जीवित न हों, तो यह रस्म ननद या जेठानी के साथ भी निभाई जा सकती है। इस परंपरा में सिर्फ बहू ही नहीं, सास की ओर से भी बहू को उपहार दिए जाते हैं। मान्यता है कि ऐसा करने से परिवार में सुख-समृद्धि और खुशहाली बनी रहती है। इस रस्म का एक भावनात्मक पहलू भी है। यह परंपरा सास-बहू के रिश्ते को और मजबूत बनाती है। साथ ही, यह एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सम्मान और अपनापन भी दर्शाती है।

करवा चौथ पर सास को दें ये चीजें

करवा चौथ के मौके पर बहुएं अपनी सास के लिए कई शुभ और पारंपरिक चीजें खरीदती हैं। आमतौर पर बायने में साड़ी, सुहाग का सामान, चांदी की पायल, बिछुए, चूड़ियां, बिंदी, सिंदूर, नेल पॉलिश, लिपस्टिक, काजल और मेहंदी भेंट की जाती हैं। इसके अलावा, अपनी पसंद और बजट के अनुसार कोई अन्य गिफ्ट भी साथ में दे सकते हैं। इस सामान के साथ कुछ पैसे भी जरूर रखें। व्रत खोलने के बाद बहू सास के चरण स्पर्श कर उन्हें ये उपहार भेंट करती है। इसके बदले में सास बहू को अखंड सौभाग्य का आशीर्वाद और स्नेह देती हैं।

ऐसे करें सास के लिए करवा चौथ की थाली तैयार

सास के लिए बायने की थाली सजाने के लिए एक बड़ा थाल लें और उसमें नेट का दुपट्टा बिछा दें। अब सबसे पहले साड़ी या सूट रखें। इसके बाद चूड़ियों का सेट और इत्र या परफ्यूम रख दें। आप अपनी पसंद के हिसाब से चांदी की पायल, बिछुए या सोने की कोई चीज भी इसमें शामिल कर सकती हैं। थाली में मेकअप के सामान के साथ महावर और कुमकुम रखना न भूलें। इसके अलावा शीशा, कंघी, सास की पसंद का साबुन, तेल और फेसवॉश जैसी चीजें भी रख सकती हैं। आखिर में शगुन के कुछ रुपये रखें। चाहें तो साथ में फल और मिठाई का डिब्बा भी शामिल कर सकती हैं। सारी चीजें रखने के बाद नेट के दुपट्टे को सुंदर रिबन से बांध दें। थाली सास को देने से पहले उस पर एक फूल रखकर इसे सजा दें।

करवा चौथ पर बहू को दी जाती है सरगी

करवा चौथ के दिन सास अपनी बहू को सरगी देती है। यह रस्म खास तौर पर पंजाबी परिवारों में प्रचलित है। मान्यता के अनुसार, व्रत रखने वाली महिलाएं सुबह करीब 4 बजे सरगी खाकर दिन की शुरुआत करती हैं। इसमें मिठाई, सेवईं, सोलह शृंगार का सामान और पूजा से जुड़ी चीजें रखी जाती हैं। सरगी में ऐसी चीजें शामिल की जाती हैं, जिनसे दिनभर शरीर को ऊर्जा मिल सके। इसमें फल, सूखे मेवे और दूध से बनी चीजें रखी जाती हैं। करवा चौथ का व्रत निर्जला रखा जाता है, इसलिए सुबह खाई गई सरगी दिनभर शरीर को पोषण देने में मदद करती है।

Story first published: Monday, October 26, 2026, 18:30 [IST]
Desktop Bottom Promotion