स्कूल टिफिन के लिए 15 मिनट में तैयार करें सॉफ्ट और स्पंजी सूजी के अप्पे, नोट कर लें आसान रेसिपी

Posted By:

Perfect Breakfast Suji Appe Recipe For Kids Tiffin: सुबह-सुबह बच्चों को स्कूल भेजने की जल्दी हर मां को होती है। मगर एक टेंशन भी होती है कि हर दिन क्या हेल्दी बनाया जाए जो खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ बनाने में भी आसान हो। अगर आप कोई ऐसी झटपट वाली रेसिपी सर्च कर रही हैं तो क्या बात है आप तो एकदम सही जगह आई हैं। जी हां, आज हम आपको बताने जा रहे हैं सूजी के अप्पे बनाने की ऐसी विधि जो मिनटों में तैयार होगी और आपके बच्चों को इतनी पसंद आएगी कि हर बार वही खाने की फरमाइश करेंगे। आप इन्हें पौष्टिक बनाने के लिए कई तरह की सब्जियां और पनीर आदि भी मिला सकती हैं। आइए जानते हैं स्कूल लंच बॉक्स के लिए इंस्टेंट सूजी अप्पे बनाने की आसान रेसिपी।

सूजी के अप्पे बनाने के लिए सामग्री

1 कप सूजी (रवा)
½ कप दही
¼ कप पानी (जरूरत अनुसार)
1 छोटा प्याज (बारीक कटा)
1 छोटी गाजर (कद्दूकस की हुई)
2-3 बड़े चम्मच शिमला मिर्च (बारीक कटी)
2 बड़े चम्मच हरी मटर (उबली हुई)
1-2 हरी मिर्च (बारीक कटी, वैकल्पिक)
1 छोटा चम्मच कद्दूकस किया हुआ अदरक
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
स्वादानुसार नमक
½ छोटा चम्मच ईनो या ¼ छोटा चम्मच बेकिंग सोडा
अप्पे सेंकने के लिए थोड़ा तेल या घी

सूजी के अप्पे बनाने की आसान सी विधि स्टेप बाई स्टेप

सूजी के अप्पे बनाने के लिए एक बड़े बाउल में सूजी और दही मिलाकर अच्छी तरह फेंट लें। जरूरत के अनुसार थोड़ा पानी डालकर गाढ़ा बैटर तैयार करें। इसे 10-15 मिनट के लिए ढककर रख दें ताकि सूजी अच्छी तरह फूल जाए।

अब बैटर में प्याज, गाजर, शिमला मिर्च, हरी मटर, अदरक, हरा धनिया और नमक डालकर अच्छी तरह मिला लें। अप्पे बनाने से ठीक पहले ईनो डालें और ऊपर से 1 चम्मच पानी डालकर हल्के हाथ से मिक्स करें।

अप्पे पैन को गर्म करें और हर सांचे में थोड़ा-सा तेल या घी लगाएं। अब बैटर भरें और धीमी से मध्यम आंच पर 3-4 मिनट तक पकाएं। जब नीचे की तरफ सुनहरा रंग आ जाए तो पलटकर दूसरी तरफ भी 2-3 मिनट तक सेंक लें।

गरमा-गरम सूजी के अप्पे को नारियल की चटनी, टमाटर सॉस या हरी चटनी के साथ बच्चों के टिफिन में पैक करें। चाहें तो साथ में कटे हुए फल भी रखें, जिससे टिफिन और ज्यादा हेल्दी बन जाएगा।

परफेक्ट सूजी अप्पे बनाने के टिप्स

बैटर को ज्यादा पतला न रखें।
ईनो हमेशा अप्पे बनाने से ठीक पहले डालें।
रंग-बिरंगी सब्जियां मिलाने से स्वाद और पोषण दोनों बढ़ जाते हैं।
बच्चों के लिए कम मसाले रखें।
अप्पे को धीमी आंच पर पकाने से वे अंदर तक अच्छी तरह पकते हैं और बाहर से क्रिस्पी बनते हैं।

Story first published: Monday, July 13, 2026, 8:01 [IST]
[ of 5 - Users]
Desktop Bottom Promotion