Navratri Recipes 2026: डायबिटीज के मरीज नवरात्रि व्रत में खाएं ये 5 शुगर फ्री रेसिपी, नहीं बढ़ेगा ब्लड शुगर

Posted By:

Diabetes Friendly Navratri Recipes: नवरात्रि के दौरान कई लोग 9 दिनों तक व्रत रखते हैं। ऐसे में, डायबिटीज के मरीजों के लिए खानपान का ध्यान रखना और भी जरूरी हो जाता है। व्रत में साबूदाना, आलू, मीठी चीजें और ज्यादा तला हुआ खाना ब्लड शुगर बढ़ा सकता है। इसलिए डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट में ऐसी चीजें शामिल करनी चाहिए, जो पेट को लंबे समय तक भरा रखें और ब्लड शुगर को अचानक बढ़ाने से बचाने में मदद करें। अगर आप भी डायबिटीज के साथ नवरात्रि का व्रत रख रहे हैं, तो इन 5 रेसिपी को ट्राई कर सकते हैं -

Diabetic Friendly Navratri Recipes

1. मखाना चाट

मखाने में फाइबर और कुछ मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। फाइबर पाचन को धीमा करने और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करता है। इससे व्रत के दौरान बार-बार भूख लगने से बचने में मदद मिल सकती है। मखाने में मौजूद मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व भी शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं।

बनाने की विधि: एक पैन में बिना घी या बहुत कम घी में मखाने को अच्छी तरह भून लें। अब इन्हें एक बाउल में डालकर इसमें बारीक कटा खीरा, टमाटर और थोड़ी धनिया मिलाएं। इसके बाद सेंधा नमक, भुना जीरा पाउडर, नींबू का रस और थोड़ी काली मिर्च डालें। सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाकर मखाना चाट तैयार करें।

2. ओट्स और सेब की फिरनी

ओट्स में घुलनशील फाइबर पाया जाता है, जो पाचन को धीमा करने में मदद करता है। इससे पेट लंबे समय तक भरा रह सकता है। सेब में भी फाइबर होता है और दूध से प्रोटीन व कैल्शियम मिलता है। इसलिए चीनी के बिना बनाई गई यह फिरनी मीठा खाने की इच्छा को पूरा करने का बेहतर विकल्प हो सकती है।

बनाने की विधि: ओट्स को हल्का भूनकर दरदरा पीस लें। अब एक पैन में लो-फैट दूध गर्म करें और उसमें ओट्स डालकर धीमी आंच पर पकाएं। मिश्रण गाढ़ा होने लगे तो इसमें थोड़ी मात्रा में बारीक कटा हुआ सेब डालें। स्वाद के लिए इलायची पाउडर और थोड़े कटे बादाम डाल सकते हैं। इसे अच्छी तरह पकाकर ठंडा करें।

3. शकरकंद चाट

शकरकंद में फाइबर और कई जरूरी विटामिन व मिनरल पाए जाते हैं। इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर रखने और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकता है। यह शरीर को ऊर्जा देने वाला भी अच्छा विकल्प है। डायबिटीज के मरीज इसे उबालकर और सीमित मात्रा में खाना ज्यादा बेहतर मान सकते हैं।

बनाने की विधि: शकरकंद को उबालकर ठंडा करें और फिर छोटे टुकड़ों में काट लें। इसमें खीरा, टमाटर और हरी धनिया डालें। अब सेंधा नमक, भुना जीरा, नींबू का रस और थोड़ी काली मिर्च डालकर अच्छी तरह मिलाएं। इस चाट में आलू, मीठी चटनी या ज्यादा फल डालने से बचें।

4. कुट्टू का चीला

कुट्टू के आटे में फाइबर, प्रोटीन, आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। फाइबर और प्रोटीन पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकते हैं। व्रत के दौरान कुट्टू का चीला शरीर को ऊर्जा देने के साथ एक संतुलित मील का विकल्प बन सकता है।

बनाने की विधि: एक बाउल में कुट्टू का आटा लें और पानी डालकर पतला बैटर तैयार करें। इसमें सेंधा नमक, जीरा, बारीक कटी धनिया और हरी मिर्च डालें। तवे पर थोड़ा तेल लगाकर बैटर को गोल आकार में फैलाएं। चीले को दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। इसे ठंडे दही के साथ खाएं।

5. बादाम बर्फी

बादाम में प्रोटीन, फाइबर, हेल्दी फैट, विटामिन ई और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। इनमें मौजूद प्रोटीन और हेल्दी फैट पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें कि इसमें चीनी, गुड़ या शहद का इस्तेमाल न करें। इसके बजाय आप अपने डॉक्टर या डाइटिशियन द्वारा सुझाया गया शुगर-फ्री स्वीटनर इस्तेमाल कर सकते हैं।

बनाने की विधि: बादाम को कुछ घंटे पानी में भिगोकर छिलका उतार लें और इन्हें पीसकर पेस्ट बना लें। अब एक पैन में बादाम का पेस्ट डालकर धीमी आंच पर पकाएं। इसमें इलायची पाउडर डालें और जरूरत के अनुसार मिश्रण गाढ़ा होने पर इसे प्लेट में फैलाकर ठंडा करें और छोटे टुकड़ों में काट लें। आपकी टेस्टी और हेल्दी बादाम की बर्फी बनकर तैयार है।

Story first published: Wednesday, October 7, 2026, 10:00 [IST]
[ of 5 - Users]
Desktop Bottom Promotion