विश्व थ्रोम्बोसिस दिवस 2026: जानें इतिहास, महत्व और ब्लड क्लॉट्स से बचने के आसान टिप्स

World Thrombosis Day 2026: हर साल 13 अक्टूबर को विश्व थ्रोम्बोसिस दिवस (World Thrombosis Day) मनाया जाता है। इस दिन का उद्देश्य लोगों को थ्रोम्बोसिस यानी शरीर की रक्त वाहिकाओं (ब्लड वेसल्स) में बनने वाले खून के थक्कों (ब्लड क्लॉट्स) के बारे में जागरूक करना है। यह समस्या गंभीर हो सकती है और डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT), पल्मोनरी एम्बोलिज्म (PE) और स्ट्रोक जैसी जानलेवा स्थितियों का कारण बन सकती है। इस दिन के जरिए लोगों को थ्रोम्बोसिस के कारण, लक्षण, बचाव और इलाज के बारे में जानकारी दी जाती है। आइए, जानते हैं कि विश्व थ्रोम्बोसिस दिवस का इतिहास और महत्व क्या है। साथ ही, उन आसान उपायों के बारे में भी जानेंगे जिनकी मदद से ब्लड क्लॉट्स बनने के खतरे को कम किया जा सकता है।

World Thrombosis Day

विश्व थ्रोम्बोसिस दिवस का इतिहास

विश्व थ्रोम्बोसिस दिवस की शुरुआत साल 2014 में इंटरनेशनल सोसाइटी ऑन थ्रोम्बोसिस एंड हेमोस्टेसिस (ISTH) ने की थी। यह दिन 19वीं सदी के जर्मन चिकित्सक डॉ। रुडोल्फ विर्चोव के जन्मदिन के मौके पर चुना गया, जिन्होंने रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया को समझने और उसका वर्णन करने में अहम योगदान दिया था। उनके काम से थ्रोम्बोसिस को समझने और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी बीमारियों के अध्ययन को आगे बढ़ाने में मदद मिली।

विश्व थ्रोम्बोसिस दिवस का महत्व

विश्व थ्रोम्बोसिस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य थ्रोम्बोसिस के बारे में लोगों को जानकारी देना है। रक्त के थक्के कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकते हैं और दुनियाभर में बीमारी तथा समय से पहले होने वाली मौतों का एक महत्वपूर्ण कारण हैं। इस दिन जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को संभावित लक्षणों की पहचान करने और जरूरत पड़ने पर जल्द चिकित्सा सहायता लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इसके साथ ही, जोखिम कम करने के उपायों के बारे में जानकारी दी जाती है। सही जानकारी और समय पर इलाज से थ्रोम्बोसिस से जुड़ी गंभीर जटिलताओं को रोकने में मदद मिल सकती है।

ब्लड क्लॉट का जोखिम कम करने के उपाय

नियमित व्यायाम करें

नियमित रूप से व्यायाम करना शरीर में रक्त संचार बनाए रखने में मदद करता है। सक्रिय रहने से खासतौर पर पैरों की गहरी नसों में खून का थक्का बनने यानी डीप वेन थ्रोम्बोसिस (DVT) का जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है।

स्वस्थ वजन मेंटेन करें

मोटापा थ्रोम्बोसिस के जोखिम को बढ़ाने वाले कारकों में शामिल है। अधिक वजन होने पर शरीर में सूजन और रक्त संचार से जुड़ी परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है। संतुलित खानपान और नियमित शारीरिक गतिविधि अपनाने से स्वस्थ वजन बनाए रखने और थ्रोम्बोसिस के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।

पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं

शरीर में पानी की कमी होने पर डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है, जो ब्लड क्लॉट बनने के जोखिम को बढ़ा सकती है। इसलिए दिनभर पर्याप्त पानी पीना जरूरी है।

लंबे समय तक एक ही जगह न बैठे रहें

काफी देर तक बिना हिले-डुले बैठे रहने से पैरों में रक्त का प्रवाह धीमा हो सकता है और DVT का खतरा बढ़ सकता है। अगर आपका काम लंबे समय तक बैठकर करने वाला है, तो बीच-बीच में उठकर थोड़ा चलें और पैरों को हिलाते रहें। लंबी यात्रा के दौरान भी समय-समय पर चलना-फिरना फायदेमंद हो सकता है।

धूम्रपान से दूर रहें

धूम्रपान रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाता है और हृदय तथा रक्त वाहिकाओं से जुड़ी बीमारियों का खतरा बढ़ाता है। इससे थ्रोम्बोसिस का जोखिम भी बढ़ सकता है। इसलिए धूम्रपान से बचना और जरूरत पड़ने पर इसे छोड़ने के लिए चिकित्सकीय सहायता लेना स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद है।

ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल पर ध्यान दें

उच्च रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल का बढ़ा हुआ स्तर रक्त वाहिकाओं और हृदय के स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। इन समस्याओं को नियंत्रित रखने के लिए डॉक्टर की सलाह के अनुसार जांच कराएं और जरूरत पड़ने पर दवा लें।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Desktop Bottom Promotion