Myth Vs Fact: टाइट ब्रा पहनने से ब्रेस्ट कैंसर होता है? डॉक्टर से जानिए ऐसे ही 10 मिथ और उनकी सच्चाई

Myth Vs Fact: ब्रेस्ट कैंसर यानी स्तन कैंसर को लेकर आज भी लोगों के बीच कई गलत धारणाएं मौजूद हैं। कुछ लोग मानते हैं कि यह बीमारी सिर्फ अधिक उम्र की महिलाओं को होती है, जबकि कुछ का मानना है कि टाइट ब्रा पहनने या डियोड्रेंट लगाने से ब्रेस्ट कैंसर हो सकता है। ऐसी गलत जानकारियां लोगों के मन में डर पैदा करती हैं और कई बार सही समय पर जांच कराने में देरी भी हो जाती है। दिल्ली स्थित धर्मशिला नारायणा सुपरस्पेशलिटी हॉस्पिटल के कैंसर सर्जन डॉ. शुभम गर्ग के अनुसार, ब्रेस्ट कैंसर के बारे में सही जानकारी होना बेहद जरूरी है। आइए, जानते हैं ब्रेस्ट कैंसर से जुड़े 10 आम मिथकों की सच्चाई -

Breast Cancer Myth Vs Fact

1. मिथक: ब्रेस्ट कैंसर सिर्फ अधिक उम्र की महिलाओं को होता है

तथ्य: उम्र बढ़ने के साथ ब्रेस्ट कैंसर का जोखिम बढ़ता है, लेकिन कम उम्र की महिलाओं में भी यह बीमारी हो सकती है। इसलिए उम्र कम होने के कारण स्तन में होने वाले किसी असामान्य या लगातार बने रहने वाले बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

2. मिथक: ब्रेस्ट कैंसर सिर्फ महिलाओं को होता है

तथ्य: पुरुषों को भी ब्रेस्ट कैंसर हो सकता है, हालांकि यह बहुत दुर्लभ है। पुरुषों में भी थोड़ी मात्रा में ब्रेस्ट टिश्यू होता है, जिसमें कैंसर विकसित हो सकता है। इसलिए पुरुषों में भी स्तन में किसी गांठ या असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

3. मिथक: परिवार में कैंसर का इतिहास होने पर ही ब्रेस्ट कैंसर होता है

तथ्य: पारिवारिक और जेनेटिक इतिहास ब्रेस्ट कैंसर का जोखिम बढ़ा सकते हैं, लेकिन बिना पारिवारिक इतिहास वाले लोगों में भी यह बीमारी हो सकती है। हर ब्रेस्ट कैंसर आनुवंशिक नहीं होता। कई मामलों में कैंसर जीवन के दौरान विकसित होता है और इसके पीछे कई अलग-अलग जोखिम कारक हो सकते हैं।

4. मिथक: टाइट या अंडरवायर ब्रा पहनने से ब्रेस्ट कैंसर होता है

तथ्य: ऐसा कोई स्थापित वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है कि अंडरवायर, टाइट या स्पोर्ट्स ब्रा पहनने से ब्रेस्ट कैंसर का खतरा बढ़ता है। महिलाएं अपनी सुविधा और सही फिटिंग के अनुसार ब्रा चुन सकती हैं। ब्रा के प्रकार को ब्रेस्ट कैंसर का कारण नहीं माना जाता।

5. मिथक: डियोड्रेंट या एंटीपर्सपिरेंट से ब्रेस्ट कैंसर होता है

तथ्य: डियोड्रेंट या एंटीपर्सपिरेंट के सामान्य इस्तेमाल और ब्रेस्ट कैंसर के बीच कोई निर्णायक संबंध स्थापित नहीं हुआ है। इसलिए केवल इस डर से इन उत्पादों का इस्तेमाल बंद करने की आवश्यकता नहीं है।

6. मिथक: स्तन में हर गांठ कैंसर होती है

तथ्य: हर ब्रेस्ट लंप कैंसर नहीं होता। फाइब्रोएडिनोमा जैसी गैर-कैंसरकारी गांठें और स्तनपान के दौरान दूध से जुड़ी गांठें भी हो सकती हैं। हालांकि, नई या असामान्य गांठ को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उसकी सही वजह जानने के लिए डॉक्टर द्वारा जांच और आवश्यकता पड़ने पर इमेजिंग या अन्य टेस्ट किए जा सकते हैं।

7. मिथक: ब्रेस्ट कैंसर में हमेशा गांठ महसूस होती है

तथ्य: ब्रेस्ट कैंसर हमेशा गांठ के रूप में सामने नहीं आता। स्तन के आकार या त्वचा में बदलाव, लालिमा, निप्पल में बदलाव, असामान्य या खूनी डिस्चार्ज तथा बगल में गांठ या सूजन भी चेतावनी संकेत हो सकते हैं। इसलिए केवल गांठ की तलाश करने के बजाय स्तनों में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव पर ध्यान देना जरूरी है।

8. मिथक: मैमोग्राफी कराने से ब्रेस्ट कैंसर होता है

तथ्य: मैमोग्राफी में कम मात्रा में एक्स-रे रेडिएशन का इस्तेमाल होता है और यह ब्रेस्ट कैंसर की जांच और जल्द पहचान का महत्वपूर्ण माध्यम है। उचित अंतराल पर और डॉक्टर की सलाह के अनुसार की जाने वाली मैमोग्राफी से मिलने वाले लाभ आम तौर पर इससे जुड़े छोटे रेडिएशन जोखिम से अधिक होते हैं। स्क्रीनिंग कब और कितनी बार होनी चाहिए, यह व्यक्ति की उम्र और व्यक्तिगत जोखिम के आधार पर तय किया जाना चाहिए।

9. मिथक: हर ब्रेस्ट कैंसर का इलाज एक जैसा होता है

सच्चाई: कैंसर का इलाज उसकी स्टेज, प्रकार और मरीज की स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। डॉक्टर जरूरत के अनुसार सर्जरी, कीमोथेरेपी, रेडिएशन, हार्मोन थेरेपी या टारगेटेड थेरेपी की सलाह दे सकते हैं।

10. मिथक: स्वस्थ जीवनशैली से ब्रेस्ट कैंसर नहीं होगा

सच्चाई: नियमित व्यायाम, संतुलित आहार और स्वस्थ वजन बनाए रखने से जोखिम कम करने में मदद मिल सकती है, लेकिन कैंसर से पूरी सुरक्षा की गारंटी नहीं मिलती। इसलिए जागरूकता और समय पर जांच भी जरूरी है।

Disclaimer: इस आर्टिकल में दी गई जानकारी सिर्फ सामान्य जानकारी और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए है। यह किसी भी तरह की मेडिकल सलाह, जांच या इलाज का विकल्प नहीं है। किसी भी स्वास्थ्य से जुड़ी समस्या या सवाल के लिए हमेशा अपने डॉक्टर या किसी योग्य व अनुभवी स्‍वास्‍थ्‍य प्रदात्ता से सलाह लें।

Story first published: Thursday, October 22, 2026, 14:00 [IST]
Desktop Bottom Promotion