Hurun India Rich List 2026: ये हैं भारत के टॉप 10 सबसे अमीर लोग, जानिए किसके पास है कितनी दौलत

Hurun India Rich List 2026: एम3एम हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 जारी हो गई है। गौतम अडानी एक बार फिर सबसे अमीर भारतीय बन गए हैं। वहीं, मुकेश अंबानी दूसरे स्थान पर हैं। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 के मुताबिक भारत में अब 391 डॉलर अरबपति हैं। इस बार 1,810 ऐसे लोगों को जगह मिली है, जिनकी संपत्ति कम से कम 1,000 करोड़ रुपये है। पिछले साल के मुकाबले इस संख्या में 128 लोगों का इजाफा हुआ है। इन सभी की कुल संपत्ति 187.5 लाख करोड़ रुपये बताई गई है, जो पिछले साल से 12.8 फीसदी ज्यादा है। आइए, जानते हैं इस बार देश के टॉप 10 सबसे अमीर लोगों में कौन-कौन शामिल है और उनकी कुल संपत्ति कितनी है -

Hurun India Rich List 2026

1. गौतम अडानी और परिवार -9.23 लाख करोड़ रुपये

गौतम अडानी और उनका परिवार इस बार फिर हुरुन इंडिया रिच लिस्ट में सबसे ऊपर है। उनकी कुल संपत्ति 9.23 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। पिछले साल के मुकाबले इसमें 13 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है।

2. मुकेश अंबानी और परिवार - 8.63 लाख करोड़ रुपये

मुकेश अंबानी और उनका परिवार 8.63 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे नंबर पर है। पिछले साल मुकेश अंबानी की फैमिली इस लिस्ट में पहले स्थान पर थी। इस बार परिवार की संपत्ति में 10 फीसदी की कमी दर्ज की गई है।

3. लक्ष्मी निवास मित्तल और परिवार - 3.39 लाख करोड़ रुपये

लक्ष्मी निवास मित्तल और उनका परिवार 3.39 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। 2026 की लिस्ट में उनकी संपत्ति में 93 फीसदी का बड़ा इजाफा हुआ है।

4. साइरस पूनावाला और परिवार - 3.03 लाख करोड़ रुपये

साइरस पूनावाला और उनका परिवार 3.03 लाख करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ चौथे स्थान पर है। पूनावाला परिवार सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया से जुड़ा है, जो दुनिया की प्रमुख वैक्सीन निर्माता कंपनियों में शामिल है।

5. रोशनी नादर मल्होत्रा और परिवार - 2.79 लाख करोड़ रुपये

रोशनी नादर मल्होत्रा और उनका परिवार 2.79 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ पांचवें नंबर पर है। एचसीएल टेक्नोलॉजीज से जुड़ी रोशनी नादर मल्होत्रा इस लिस्ट में भारत की सबसे अमीर महिला बनी हुई हैं।

6. कुमार मंगलम बिरला और परिवार - 2.69 लाख करोड़ रुपये

कुमार मंगलम बिरला और उनका परिवार 2.69 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ छठे स्थान पर है। आदित्य बिरला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिरला का कारोबार कई अलग-अलग क्षेत्रों में फैला हुआ है।

7. दिलीप संघवी - 2.65 लाख करोड़ रुपये

सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज के संस्थापक दिलीप संघवी इस लिस्ट में सातवें नंबर पर हैं। उनकी कुल संपत्ति 2.65 लाख करोड़ रुपये बताई गई है।

8. अजीम प्रेमजी और परिवार - 2.63 लाख करोड़ रुपये

विप्रो के संस्थापक अजीम प्रेमजी और उनका परिवार 2.63 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ आठवें स्थान पर है। हुरुन की 2026 की लिस्ट के मुताबिक, पिछले साल की तुलना में परिवार की संपत्ति 19 फीसदी बढ़ी है।

9. अनिल अग्रवाल और परिवार - 2.08 लाख करोड़ रुपये

वेदांता रिसोर्सेज से जुड़े अनिल अग्रवाल और उनका परिवार 2.08 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ टॉप-10 में नौवें नंबर पर है।

10. समीर मेहता और परिवार - 1.89 लाख करोड़ रुपये

समीर मेहता और उनका परिवार 1.89 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ इस लिस्ट में दसवें स्थान पर है। यह परिवार टॉरेंट फार्मास्युटिकल्स से जुड़ा हुआ है।

Story first published: Thursday, September 24, 2026, 19:29 [IST]
Desktop Bottom Promotion