सुषमा स्‍वराज के पति और BJP सांसद बांसुरी स्वराज के पिता स्वराज कौशल का निधन, रह चुके हैं मिजोरम के राज्‍यपाल

By Bhavna Pandey

Swaraj Kaushal death: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के पति और भाजपा सांसद बांसुरी स्वराज के पिता, वरिष्ठ अधिवक्ता स्वराज कौशल का आज 4 दिसंबर 2025 को निधन हो गया है। 73 वर्ष स्‍वराज कौशल के निधन की दुखद सूचना की पुष्टि दिल्‍ली भाजपा ने की है।

स्वराज कौशल देश के प्रतिष्ठित वरिष्ठ अधिवक्ताओं में गिने जाते थे। उन्होंने मिजोरम के पूर्व राज्यपाल के तौर पर भी अपनी सेवाएँ दीं। सार्वजनिक जीवन में उनकी पहचान एक बेहद ईमानदार और तीव्र सोच वाले प्रशासक के तौर पर स्थापित थी।


Swaraj Kaushal death

स्‍वराज कौशल का कब होगा अ‍ंतिम संस्‍कार?

भाजपा के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार आज शाम 4:30 बजे लोधी रोड श्मशान घाट पर किया जाएगा। राजनीति और कानूनी दोनों क्षेत्रों में अपनी गहरी छाप छोड़ने वाले स्वराज कौशल का जाना देश के लिए एक बड़ी क्षति मानी जा रही है।

कौन थे स्‍वराज कौशल?

स्वराज कौशल का जन्म 12 जुलाई 1952 को हुआ था। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी और पंजाब यूनिवर्सिटी से उच्च शिक्षा प्राप्त की थी। अपनी पढ़ाई पूरी करने के बाद, उन्होंने वकालत के क्षेत्र में कदम रखा और जल्द ही सुप्रीम कोर्ट के शीर्ष वकीलों में शुमार हो गए।

सबसे कम उम्र में राज्‍यपाल बनने का रिकॉर्ड

73 वर्ष की आयु में दुनिया को अलविदा कह गए स्‍वराज कौशल ने 37 साल की उम्र में वे मिज़ोरम के राज्यपाल बने और 1990 से 1993 तक इस पद पर रहे। खास बात ये है कि स्‍वराज सबसे कम उम्र में राज्‍यपाल का पद संभालने वाले व्‍यक्तियों में थे। छह वर्ष तक राज्‍यसभा सांसद भी रह चुके हैं।

वर्ष 1975 में सुषमा स्‍वराज से की शादी

वर्ष 1975 में उन्होंने बीजेपी की कद्दावर नेता सुषमा स्वराज के साथ विवाह किया था। 2014 में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में विदेश मंत्री और दिल्‍ली मुख्यमंत्री रहीं सुषमा स्‍वराज का 2019 में बीमारी के चलते निधन हो गया था।

बेटी बांसुरी स्‍वराज हैं सांसद

स्वराज कौशल और सुषमा स्वराज की पुत्री बांसुरी स्वराज भी अपने माता-पिता के नक्शेकदम पर चलते हुए राजनीति में सक्रिय हैं। वह वर्तमान में बीजेपी की दिल्ली इकाई में एक महत्वपूर्ण पदाधिकारी और शहर से सांसद हैं।

Credit: Oneindia

Desktop Bottom Promotion