डायबिटीज में आम, केला और आलू खाना चाहिए या नहीं? जानिए मिथक और सच्चाई

डायबिटीज यानी मधुमेह एक ऐसी बीमारी है, जिसमें शरीर पर्याप्त मात्रा में इंसुलिन का उत्पादन नहीं कर पाता है। इसके कारण ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित तरीके से बढ़ने लगता है। यदि समय रहते इसे कंट्रोल न किया जाए, तो यह बीमारी शरीर के कई प्रमुख अंगों को डैमेज कर सकती है। डायबिटीज के मरीजों को अपने खानपान पर खास ध्यान देने की जरूरत होती है। हालांकि, इस बीमारी को लेकर कई गलत धारणाएं भी फैली हुई हैं। अक्सर डायबिटीज के मरीजों को कहा जाता है उन्हें आम, केला और आलू जैसी चीजें कभी नहीं खानी चाहिए। लेकिन क्या यह सच है या सिर्फ मिथक? आइए, जानते हैं इसके बारे में विस्तार से -

Common diabetes food myths debunked

'ज्ञान बाय गणेश - मेकिंग इंडिया विन ओवर डायबिटीज' (Gyaan by Ganesh - Making India Win Over Diabetes), सन फार्मा और अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन की एक जागरूकता पहल है। इसका मकसद विशेषज्ञों की जानकारी के ज़रिए भारतीयों को डायबिटीज को बेहतर ढंग से समझने, उससे बचाव करने और उसे मैनेज करने में मदद करना है।

"असल में डायबिटीज में किसी एक खाने की चीज को पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं होती। सबसे जरूरी बात यह है कि आप क्या, कितनी मात्रा में और किस तरह खा रहे हैं। अगर सही मात्रा और सही तरीके से इन चीजों का सेवन किया जाए, तो इन्हें भी संतुलित डाइट का हिस्सा बनाया जा सकता है। डायबिटीज में ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) और ग्लाइसेमिक लोड (GL) को समझना जरूरी है। ग्लाइसेमिक इंडेक्स बताता है कि कोई भोजन खाने के बाद ब्लड शुगर कितनी तेजी से बढ़ाता है। वहीं, ग्लाइसेमिक लोड यह भी बताता है कि उस भोजन की मात्रा का शरीर पर कितना असर पड़ेगा। इसलिए सिर्फ GI देखकर किसी भी चीज को अच्छा या बुरा नहीं कहा जा सकता।"
Dr. Vishal Chopra, MBBS MD, Consultant Physician, KANPUR

Dr Vishal Chopra

मिथक 1: डायबिटीज में आम नहीं खाना चाहिए

आम को लेकर लोगों में सबसे ज्यादा डर देखने को मिलता है। क्योंकि यह स्वाद में मीठा होता है, इसलिए लोग मान लेते हैं कि डायबिटीज में इसे बिल्कुल नहीं खाना चाहिए। जबकि आम में फाइबर, विटामिन-ए, विटामिन-सी, फोलेट, पोटैशियम और कई एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। अगर आप एक बार में लगभग 80 से 100 ग्राम ताजा आम खाते हैं, तो यह डायबिटीज की डाइट में शामिल किया जा सकता है। हालांकि, आम का जूस पीने की बजाय ताजा आम खाएं और इसकी मात्रा सीमित रखें।

मिथक 2: डायबिटीज में केला नहीं खाना चाहिए

केले को भी अक्सर डायबिटीज मरीजों के लिए नुकसानदायक माना जाता है, जबकि ऐसा पूरी तरह सही नहीं है। केले में फाइबर, पोटैशियम, विटामिन-बी6 और विटामिन-सी अच्छी मात्रा में होता है। हल्का कच्चा या कम पका केला ज्यादा अच्छा माना जाता है क्योंकि उसमें रेजिस्टेंट स्टार्च अधिक होता है। वहीं, बहुत ज्यादा पका हुआ केला जल्दी शुगर बढ़ा सकता है। यबिटीज के मरीज एक छोटा केला या आधा बड़ा केला खा सकते हैं। अगर इसे दही या बिना नमक वाले मेवों के साथ खाया जाए, तो ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ता।

मिथक 3: डायबिटीज में आलू नहीं खाना चाहिए

आलू को भी डायबिटीज का दुश्मन माना जाता है, लेकिन यह पूरी तरह सही नहीं है। आलू में कार्बोहाइड्रेट जरूर होता है, लेकिन इसके साथ पोटेशियम, विटामिन सी और विटामिन बी6 भी मिलता है। अगर आलू को उबालकर, बेक करके या दूसरी सब्जियों के साथ मिलाकर खाया जाए, तो यह बेहतर विकल्प हो सकता है। वहीं, फ्रेंच फ्राइज, चिप्स और ज्यादा तेल में तले हुए आलू से बचना चाहिए। उबले हुए आलू को ठंडा करके खाने से उसमें रेजिस्टेंट स्टार्च बढ़ जाता है, जो ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकता है।

डायबिटीज में संतुलित डाइट है जरूरी

डायबिटीज होने का मतलब यह नहीं है कि आपको आम, आलू और केला हमेशा के लिए छोड़ देना होगा। सही मात्रा, सही समय और संतुलित डाइट के साथ इन खाद्य पदार्थों का भी सेवन किया जा सकता है। इसलिए किसी भी चीज से डरने के बजाय अपनी डाइट को संतुलित रखें और डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह के अनुसार भोजन करें।

SPI-IN-CVD-ZT---08-20260330

अस्वीकरण (Disclaimer): यह सामग्री केवल रोगी शिक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से प्रदान की गई है। यह किसी भी प्रकार से चिकित्सक या स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह का विकल्प नहीं है। सन फ़ार्मास्युटिकल्स लेबोरेट्रीज़ लिमिटेड (SPLL) सटीक एवं समयानुकूल जानकारी उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास करता है, लेकिन इसकी पूर्ण सटीकता होने की कोई गारंटी नहीं देता। कृपया अपने स्वास्थ्य संबंधी किसी भी निर्णय के लिए केवल अपने चिकित्सक या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह पर ही भरोसा करें। सन फ़ार्मास्युटिकल्स लेबोरेट्रीज़ लिमिटेड (SPLL) को पूर्व सूचना दिए बिना इस सामग्री के किसी भी भाग को यांत्रिक या इलेक्ट्रॉनिक किसी भी माध्यम से पुनर्प्रकाशित, प्रसारित या संग्रहित नहीं किया जा सकता।

Desktop Bottom Promotion