खाना खाने के बाद क्यों बढ़ जाता है ब्लड शुगर? जानें पोस्टप्रांडियल हाइपरग्लाइसीमिया क्या है?

Postprandial Hyperglycemia: सिर्फ भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में डायबिटीज के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है. आपको बता दें कि डायबिटीज एक ऐसी स्थिति है, जिसमें मरीज का ब्लड शुगर लेवल अनियंत्रित तरीके से बढ़ने लगता है. डायबिटीज में ब्लड शुगर को कंट्रोल रखना आसान नहीं होता। कई बार लोगों का फास्टिंग ब्लड शुगर सामान्य होता है, लेकिन खाना खाने के बाद अचानक काफी बढ़ जाता है। अक्सर लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन बार-बार ऐसा होना शरीर के लिए नुकसानदायक हो सकता है। इस स्थिति को पोस्टप्रांडियल हाइपरग्लाइसीमिया (Postprandial Hyperglycemia) कहा जाता है। अगर समय रहते इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह दिल, किडनी, आंखों और नसों से जुड़ी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकता है। आइए, जानते हैं कि खाना खाने के बाद ब्लड शुगर क्यों बढ़ता है और इसे नियंत्रित रखना क्यों जरूरी है -

Postprandial Hyperglycemia

'ज्ञान बाय गणेश - मेकिंग इंडिया विन ओवर डायबिटीज' (Gyaan by Ganesh - Making India Win Over Diabetes), सन फार्मा और अमेरिकन डायबिटीज एसोसिएशन की एक जागरूकता पहल है। इसका मकसद विशेषज्ञों की जानकारी के ज़रिए भारतीयों को डायबिटीज को बेहतर ढंग से समझने, उससे बचाव करने और उसे मैनेज करने में मदद करना है।

क्या होता है पोस्टप्रांडियल हाइपरग्लाइसीमिया?

"जब हम खाना खाते हैं, तो उसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट पचकर ग्लूकोज में बदल जाते हैं और खून में पहुंच जाते हैं। सामान्य स्थिति में पैंक्रियाज (अग्न्याशय) इंसुलिन बनाता है, जो ग्लूकोज को शरीर की कोशिकाओं तक पहुंचाकर उसे ऊर्जा में बदलने में मदद करता है। लेकिन डायबिटीज या प्रीडायबिटीज में इंसुलिन ठीक से काम नहीं करता या पर्याप्त मात्रा में नहीं बनता। ऐसे में, खाना खाने के 1 से 2 घंटे के भीतर ब्लड शुगर 180 mg/dL से अधिक हो सकता है। इसे पोस्टप्रांडियल हाइपरग्लाइसीमिया कहा जाता है।"
Dr. Parul Agarwal , DIABETOLOGIST, DIABETES SPECIALITY CENTRE, Ghaziabad

Dr Parul Agarwal

खाना खाने के बाद ब्लड शुगर क्यों बढ़ता है?

इंसुलिन की कमी या देर से बनना

टाइप-2 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पाता है। वहीं, समय के साथ इंसुलिन बनने की क्षमता भी कम हो जाती है। जबकि, टाइप-1 डायबिटीज में शरीर इंसुलिन बनाता ही नहीं, इसलिए भोजन के बाद शुगर तेजी से बढ़ सकती है।

ज्यादा कार्बोहाइड्रेट वाला भोजन

हाई कार्बोहाइड्रेट युक्त फूड्स जैसे सफेद चावल, मिठाइयां, मीठे पेय, बिस्कुट, केक, पेस्ट्री और प्रोसेस्ड स्नैक्स जल्दी पचते हैं। इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ जाता है। इसके अलावा, जरूरत से ज्यादा खाना खाने से भी ब्लड शुगर का स्तर तेजी से बढ़ सकता है।

खाना खाने के बाद एक्टिव न रहना

हमारी मांसपेशियां ग्लूकोज का इस्तेमाल ऊर्जा के लिए करती हैं। अगर खाना खाने के बाद आप लंबे समय तक बैठे रहते हैं, तो शरीर ग्लूकोज का कम उपयोग करता है और ब्लड शुगर बढ़ा जाता है।

हार्मोन्स का सही तरीके से काम न करना

शरीर में कुछ हार्मोन, जैसे GLP-1 और GIP, भोजन के बाद इंसुलिन बनने में मदद करते हैं। टाइप-2 डायबिटीज में इन हार्मोन का असर कम हो जाता है, जिससे ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है.

पोस्टप्रांडियल हाइपरग्लाइसीमिया क्यों है खतरनाक?

बार-बार भोजन के बाद ब्लड शुगर बढ़ने से शरीर में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस बढ़ सकता है। इससे रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचता है और समय के साथ दिल की बीमारी, किडनी डैमेज, आंखों की रोशनी कम होना और नसों से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है। अगर आपका HbA1c बढ़ा हुआ है, लेकिन फास्टिंग शुगर सामान्य रहता है, तो डॉक्टर आपको भोजन के बाद ब्लड शुगर की जांच कराने की सलाह दे सकते हैं।

पोस्ट-मील ब्लड शुगर को कैसे कंट्रोल करें?

संतुलित और पौष्टिक भोजन करें।
एक बार में बहुत ज्यादा खाना खाने से बचें।
मीठे और रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट वाले खाद्य पदार्थ कम खाएं।
खाना खाने के बाद 15-30 मिनट हल्की वॉक करें।
डॉक्टर द्वारा बताई गई दवाएं या इंसुलिन समय पर लें।
नियमित रूप से ब्लड शुगर की जांच कराते रहें।

पोस्टप्रांडियल हाइपरग्लाइसीमिया पर ध्यान देना है जरूरी

खाना खाने के बाद ब्लड शुगर बढ़ने (पोस्टप्रांडियल हाइपरग्लाइसीमिया) को अक्सर नजरअंदाज कर दिया जाता है। लेकिन सिर्फ फास्टिंग शुगर पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं है। भोजन के बाद बढ़ने वाले ब्लड शुगर को नियंत्रित रखना भी उतना ही जरूरी है। सही खानपान, नियमित व्यायाम, समय पर दवा और लगातार मॉनिटरिंग से ब्लड शुगर को बेहतर तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है और डायबिटीज से होने वाली गंभीर जटिलताओं के खतरे को कम किया जा सकता है।

अस्वीकरण (Disclaimer): यह सामग्री केवल रोगी शिक्षा एवं जागरूकता के उद्देश्य से प्रदान की गई है। यह किसी भी प्रकार से चिकित्सक या स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह का विकल्प नहीं है। सन फ़ार्मास्युटिकल्स लेबोरेट्रीज़ लिमिटेड (SPLL) सटीक एवं समयानुकूल जानकारी उपलब्ध कराने का हर संभव प्रयास करता है, लेकिन इसकी पूर्ण सटीकता होने की कोई गारंटी नहीं देता। कृपया अपने स्वास्थ्य संबंधी किसी भी निर्णय के लिए केवल अपने चिकित्सक या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ की सलाह पर ही भरोसा करें। सन फ़ार्मास्युटिकल्स लेबोरेट्रीज़ लिमिटेड (SPLL) को पूर्व सूचना दिए बिना इस सामग्री के किसी भी भाग को यांत्रिक या इलेक्ट्रॉनिक किसी भी माध्यम से पुनर्प्रकाशित, प्रसारित या संग्रहित नहीं किया जा सकता।
HINDI ARTICLE CODE - SPI-IN-CVD-ZT---08-20260330

Story first published: Wednesday, September 16, 2026, 20:05 [IST]
Desktop Bottom Promotion