Paneer Paratha Recipe: नाश्ता बनाने का नहीं है टाइम, तो झटपट यूं तैयार करें टेस्टी-टेस्टी पनीर पराठा

Posted By:

Paneer Paratha Recipe : सुबह-सुबह किसी के पास भी इतना समय नहीं होता है कि वह ब्रेकफास्ट तैयार करने में काफी सारा समय खर्च करे। आमतौर पर, लोग जल्दी-जल्दी में कुछ भी खा लेते हैं। हालांकि, दिन की शुरुआत हेल्दी और टेस्टी तरीके से करना बेहद जरूरी है। अगर आप भी सुबह के समय बहुत अधिक जल्दी में रहते हैं। लेकिन साथ ही साथ, आप अपने ब्रेकफास्ट के साथ किसी तरह का कोई समझौता नहीं करना चाहते हैं तो ऐसे में आप पनीर पराठा बना सकते हैं।

पनीर पराठा एक बेहद ही क्विक रेसिपी है। खासतौर से, वेजिटेरियन्स के लिए पनीर प्रोटीन का अच्छा सोर्स है। ऐसे में आप नाश्ते में पनीर की मदद से पराठा तैयार करें। इसे बनाना भी बेहद आसान है। आपको पनीर के साथ-साथ बस कुछ मसालों की जरूरत होगी।

Paneer Paratha Recipe

तो चलिए आज इस लेख में हम आपको पनीर पराठा बनाने की आसान रेसिपी के बारे में बता रहे हैं-

पनीर पराठा बनाने के लिए सामग्री

• 2 कप गेहूं का आटा

• आधा छोटा चम्मच नमक

• 1 चम्मच तेल

• आटा गूंथने के लिए पानी

• पनीर की फिलिंग के लिए

• 200 ग्राम पनीर मैश किया हुआ

• 2-3 बड़े चम्मच प्याज बारीक कटा हुआ

• 1-2 चम्मच अदरक कद्दूकस किया हुआ

• 1-2 हरी मिर्च

• ताजा धनिया पत्ती

• आधा छोटा चम्मच लाल मिर्च पाउडर

• आधा छोटा चम्मच भुना जीरा पाउडर

• आधा चम्मच अमचूर पाउडर

• आधा चम्मच गरम मसाला

• नमक स्वाद अनुसार

• पराठे सेकने के लिए घी

पनीर पराठा बनाने की विधि-

• पनीर पराठा बनाने के लिए हम सबसे पहले आटा तैयार करेंगे। इसके लिए एक बर्तन में आटा, नमक और तेल डालकर मिक्स करें।

• अब इसमें थोड़ा-थोड़ा पानी डालते जाएं और नरम आटा गूंथ लें।

• इसे एक कपड़े से ढककर 15-20 मिनट के लिए रेस्ट करने दें।

• अब हम पनीर की फिलिंग तैयार करेंगे।

• इसके लिए एक बाउल में पनीर, प्याज, अदरक, हरी मिर्च, नमक हरा धनिया, लाल मिर्च, जीरा पाउडर, अमचूर और गरम मसाला डालकर मिक्स कर लें।

• अब आटे की एक छोटी लोई तोड़ लें और उसे हाथों की मदद से गोल कर लें।

• अब आटे की लोई पर थोड़ा सा आटा छिड़कें और उसे छोटी सी बेल लें।

• इसके बीच में 2-3 बड़े चम्मच पनीर की फिलिंग से भरें।

• याद रखें कि इसे बहुत ज्यादा न भरें। अब सिरों को एक साथ लाएं और उन्हें सील कर दें।

• इसके बाद, अपनी उंगलियों का उपयोग करके लोई को धीरे से दबाएं।

• भरी हुई लोई को दोनों तरफ से सूखे आटे से लपेटें और हल्के हाथ से बेल कर 7-8 इंच का परांठा बेल लें।

• सुनिश्चित करें कि किनारे एक समान मोटाई के हों, न बहुत मोटे और न बहुत पतले।

• एक तवा मध्यम आंच पर गर्म करें।

• पराठे को तवे पर रखें और 1-2 मिनट तक पकाएं।

• अब पराठे को पलटें और सतह पर थोड़ा घी लगाएं।

• दूसरी तरफ से भी पकाएं और फिर से घी लगा लें।

• दोनों साइड से एक स्पैटुला का उपयोग करके हल्के से दबाएं और तब तक पकाएं जब तक कि दोनों तरफ सुनहरे भूरे रंग के धब्बे न पड़ जाएं।

• आपका पनीर पराठा बनकर तैयार है। आप इसे गरमा-गरम अचार, चटनी व दही के साथ सर्व करें।

पनीर पराठा किस चीज से बनता है?

जैसा कि इसके नाम से ही पता चलता है कि पनीर पराठा मुख्य रूप से पनीर की मदद से तैयार किया जाता है। अमूमन लोग पराठे का टेस्ट बढ़ाने के लिए उसमें प्याज, हरी मिर्च, नमक व कुछ मसालों को मिक्स करके तैयार स्टफिंग करते हैं। आप इसमें मसाले अपने टेस्ट के अनुसार एडजस्ट कर सकते हैं।

पनीर पराठे में कितनी कैलोरी होती है?

पनीर पराठा खाने में काफी अच्छा लगता है। हालांकि, इसमें कैलोरी भी काफी अधिक होती है। एक पनीर पराठा का सेवन करने से आपको करीबन 276 कैलोरी मिलती है। पनीर पराठा सिर्फ कैलोरी में ही अधिक नहीं होता है, बल्कि इसका प्रोटीन कंटेंट भी अधिक होता है।

पनीर पराठे के साथ क्या अच्छा लगता है?

अगर आप पनीर पराठा को सुबह के समय सर्व कर रहे हैं तो आप इसके साथ सफेद मक्खन, अचार, दही या चटनी सर्व कर सकते हैं। कुछ लोग चाय के साथ भी पनीर पराठा खाना काफी पसंद करते हैं।

Story first published: Saturday, March 2, 2024, 8:00 [IST]
[ of 5 - Users]
Desktop Bottom Promotion